जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल कुशल नेतृत्व में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष, डा० मुदित चौहान के द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (1 जनवरी से 31 जनवरी 2026) के अन्तर्गत ग्राम कोठवार बाजार स्थित प्राइमरी विद्यालय में आज विद्यालय के बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय सड़क सुरक्षा रहा, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने सड़क पर चलने के नियमों, ट्रैफिक संकेतो, जेब्रा क्रॉसिंग, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, तथा सुरक्षित यातायात से सबंधित संदेशों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों की रचनात्मक और विषय की समझ दर्शाती चित्रकला ने उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि दैनिक जीवन में होने वाली छोटी-छोटी लापरवाहियों-जैसे गाड़ी चलाते समय हेलमेट / सीट बेल्ट न लगाने के दुष्परिणामों को सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के साथ समझााया। साथ ही, उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि इन छोटी गलतियों से कैसे बड़ी दुर्घटनाएँ घटित हो सकती हैं और सतर्कता अपनाकर उनसे कैसे बचा जा सकता है। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चे अपने परिवार और समाज में भी इन नियमों का संदेश पहुँचाएँ।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा, जिसमें विद्यालय परिवार के सहयोग से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा। इसके उपरांत मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो० ए० ए० जाफरी तथा विभिन्न विभागो के विभागाध्यक्षो द्वारा* मेडिकल कालेज के मुख्य गेट पर निःशुल्क हेलमेंट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सड़क पर चल रहे दो पहिया वाहन चालकों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को हेलमेट वितरित किए गए। प्रधानाचार्य महोदय ने हेलमेट पहनने की अनिवार्यता एवं इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हेलमेट का नियमित उपयोग सिर की गंभीर चोटों से बचाव करता है और अनेक दुर्घनाओं में जीवन रक्षक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की भी सलाह दी गई। हेलमेट विवरण के माध्यम से आमजन को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया गया। यह सम्पूर्ण आयोजन सड़क सुरक्षा के प्रत्ति बच्चों से लेकर आम नागरिकों तक जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय परिवार, मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं उपस्थित जनसमूह का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर प्रो० उमेश कुमार सरोज, डा० विनोद कुमार, डा० जितेन्द्र कुमार, डा० अरविन्द पटेल, डा० आदर्श यादव, डा० विनोद वर्मा, डा० आशुतोष सिंह डा० अनुज सिंह, डा० नवीन सिंह, डा० पूजा पाठक, डा० नाजिया, डा० अनिल कुमार एवं अन्य चिकित्सक व कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
